ट्विशा शर्मा केस में बड़ा मोड़! समर्थ सिंह करेगा सरेंडर, हाईकोर्ट में वापस ली अग्रिम जमानत याचिका, अब दिल्ली AIIMS की टीम करेगी दोबारा पोस्टमार्टम

 जबलपुर। भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। जबलपुर हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह के वकील ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली है। इसके साथ ही समर्थ सिंह के सरेंडर करने की बात भी सामने आई है।

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान समर्थ सिंह के वकील मृगेंद्र सिंह ने कहा कि समर्थ अब सरेंडर करेगा। वहीं मामले में एक और बड़ा फैसला लेते हुए कोर्ट ने ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दे दी है। अब दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर एक विशेष मेडिकल टीम गठित करेंगे, जो दोबारा पोस्टमार्टम करेगी। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

सरकार की ओर से पेश महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कोर्ट में कहा कि दोबारा पोस्टमार्टम को लेकर सरकार को कोई आपत्ति नहीं है। वहीं कोर्ट ने ट्विशा शर्मा के शव को फिलहाल एम्स भोपाल में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। संभावना जताई जा रही है कि दोबारा पोस्टमार्टम के बाद ट्विशा का शव मायके पक्ष को सौंपा जा सकता है।

सुनवाई के दौरान ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को भी नोटिस जारी किया गया है। निचली अदालत से मिली उनकी जमानत को लेकर अब सोमवार को आगे सुनवाई होगी।

दरअसल शुक्रवार को लंच के बाद हाईकोर्ट में इस मामले से जुड़ी चारों याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई हुई। कोर्ट में ट्विशा शर्मा और समर्थ सिंह दोनों पक्षों के परिवार मौजूद रहे।

गौरतलब है कि 12 मई को ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। घटना के बाद से पति समर्थ सिंह फरार चल रहा था। सुनवाई के दौरान समर्थ पक्ष की ओर से यह भी कहा गया कि ट्विशा ने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा था और परिवार के बयानों व चैट्स में भी कई विरोधाभास हैं।

अब इस हाई प्रोफाइल केस में दोबारा पोस्टमार्टम और समर्थ सिंह के संभावित सरेंडर के बाद जांच पूरी तरह नए मोड़ पर पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *