पलक सुसाइड केस में नया मोड़, आरोपी पति अमित रजक ने किया सरेंडर, जांच में नए नाम की एंट्री

ग्वालियर। सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर पलक रजक आत्महत्या मामले में अब बड़ा मोड़ सामने आया है। मामले में फरार चल रहे आरोपी पति अमित रजक ने आखिरकार पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। मुरार सीएसपी ऑफिस पहुंचकर सरेंडर करने के दौरान अमित रजक ने मीडिया के सामने कई गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि पलक की आत्महत्या के पीछे एक नया नाम सामने आ रहा है।

दरअसल 12 मई को सुरैयापुरा निवासी पलक रजक ने अपने ससुराल में आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर पति अमित रजक, देवर आकाश और सास मीरा देवी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद से पुलिस लगातार तीनों आरोपियों की तलाश कर रही थी।

इसी बीच फरार चल रहे अमित रजक ने मुरार सीएसपी ऑफिस पहुंचकर सरेंडर किया। सरेंडर के दौरान अमित ने दावा किया कि पलक नशे की आदी थी और उसका किसी दूसरे युवक के साथ एक्स्ट्रा अफेयर चल रहा था। अमित ने कहा कि पलक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी और उसके मोबाइल की जांच की जानी चाहिए। अमित के मुताबिक पलक का ऋतिक तोमर नाम के युवक के साथ अफेयर था और उसी वजह से उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

अमित रजक ने यह भी आरोप लगाया कि उसके परिवार को झूठा फंसाया जा रहा है। उसने कहा कि उसके पास कई सबूत और वीडियो मौजूद हैं। अमित के अनुसार पलक के कई अफेयर्स थे, जो शादी से पहले और शादी के बाद भी जारी रहे। अमित ने यह भी कहा कि पलक उससे महंगा मोबाइल फोन मांग रही थी और उसने उसे आईफोन भी दिलवाया था।

वहीं अमित के परिवार की ओर से भी कुछ वीडियो मीडिया को दिए गए हैं, जिनमें पलक हाथ में बीयर की बोतल लिए दिखाई दे रही है। कुछ वीडियो में वह कुछ युवकों के साथ नजर आ रही है। अमित की बहन लता ने आरोप लगाया कि उनके परिवार को झूठे केस में फंसाया गया है और पलक के माता-पिता को उसकी आदतों की पहले से जानकारी थी।

हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि आरोपी अमित रजक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही फरार चल रहे अन्य दो आरोपियों की तलाश भी जारी है। पुलिस का कहना है कि यदि परिवार द्वारा बताए गए वीडियो जांच में दिए जाते हैं तो उन्हें भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।

अब इस मामले में ऋतिक तोमर नाम सामने आने के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *