ट्विशा शर्मा केस में बड़ा खुलासा, AIIMS में होगा दोबारा पोस्टमार्टम, आरोपी समर्थ को शरण देने वालों पर भी कार्रवाई

भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा आत्महत्या मामले में अब जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई है।

इस बीच मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को देर रात जबलपुर से भोपाल लाया गया। भोपाल पहुंचने के बाद पुलिस ने उसे कटारा हिल्स थाने में रखा और फिर भारी सुरक्षा के बीच जेपी अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को जिला कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उसकी 7 दिन की रिमांड मांगी है ताकि मामले में गहराई से पूछताछ की जा सके।

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपी समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन भोपाल पुलिस की टीम ने समय रहते उसे पकड़ लिया। आरोपी पिछले करीब 10 दिनों से फरार चल रहा था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान समर्थ किन-किन जगहों पर छिपा रहा और किसने उसकी मदद की।

कमिश्नर ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने आरोपी को शरण दी होगी या किसी भी तरह से मदद की होगी तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले में सामान्य प्रशासन विभाग यानी GAD के साथ मिलकर काम कर रही है।

मामले में सह-आरोपी गिरिबाला सिंह भी पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक गिरिबाला सिंह को पूछताछ के लिए अब तक तीन नोटिस भेजे जा चुके हैं, लेकिन वह जांच में शामिल होने नहीं पहुंचीं। इसके बाद पुलिस ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द कराने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया है। पुलिस का कहना है कि उनसे भी जल्द सख्ती से पूछताछ की जाएगी।

वहीं मृतका ट्विशा शर्मा के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि भोपाल पुलिस ने शुरुआत से ही पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए हर वैज्ञानिक और कानूनी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

अब इस हाई प्रोफाइल मामले में एक और बड़ा कदम उठाते हुए ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम एम्स की मेडिकल टीम द्वारा कराया जाएगा, जिससे मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *