इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, पांच बेटियों की मां प्रेमी संग फरार, पति दिल्ली में करता था मजदूरी

छतरपुर। सोशल मीडिया का बढ़ता क्रेज अब कई परिवारों के टूटने की वजह बनता जा रहा है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और फिर पांच बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। मामला जिला मुख्यालय के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक मूल चंद्र अहिरवार नाम का व्यक्ति अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए दिल्ली में मजदूरी करता था। वह समय-समय पर घर पैसे भेजता था, जबकि उसकी पत्नी गांव में अपनी पांच बेटियों के साथ रहती थी। इसी दौरान महिला की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए ब्रजेश अहिरवार नाम के युवक से हुई।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले रील्स देखने और चैटिंग का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गया। करीब पांच से छह महीने तक दोनों लगातार संपर्क में रहे। फिर एक दिन महिला घर से दवा कराने का बहाना बनाकर निकली और अपनी एक दुधमुंही बच्ची को साथ लेकर प्रेमी संग फरार हो गई।

जब काफी देर तक महिला घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद दिल्ली से लौटे पति मूल चंद्र अहिरवार ने सिटी कोतवाली थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन तथा साइबर सेल की मदद से महिला और उसके प्रेमी को विदिशा से बरामद कर लिया।

मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब पूछताछ के दौरान प्रेमी ब्रजेश ने पुलिस को बताया कि महिला ने उससे अपनी पांच बेटियों की बात छुपाई थी। उसने केवल दो बच्चे होने की जानकारी दी थी। वहीं पति का आरोप है कि पांच बेटियां होने की वजह से उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती थी।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *