इंदौर में दिल दहला देने वाली वारदात, चरित्र शंका में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद भी दी जान

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां हीरा नगर थाना क्षेत्र में चरित्र शंका ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। आरोप है कि पति ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना के बाद उनकी मासूम बेटी के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है।

जानकारी के मुताबिक मृतक पति का नाम हल्केवीर पटेल और पत्नी का नाम रोशनी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले काफी समय से चरित्र शंका को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर हल्केवीर ने कपड़े से पत्नी रोशनी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसकी भी मौत हो गई। इस पूरी घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और सबसे ज्यादा दर्दनाक स्थिति उनकी छोटी बेटी की है, जो अब पूरी तरह अकेली हो गई है।

घटना की सूचना मिलते ही हीरा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की असली वजह और पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *