भोपाल। बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में रविवार सुबह बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब भोपाल एम्स में अभिनेत्री के शव का दोबारा पोस्टमार्टम शुरू किया गया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद यह पूरी प्रक्रिया बेहद सख्त सुरक्षा और फॉरेंसिक प्रोटोकॉल के तहत की जा रही है। दिल्ली एम्स से आई विशेष फॉरेंसिक टीम, एसआईटी और ट्विशा शर्मा के परिजन सुबह एम्स पहुंचे, जहां तय प्रक्रिया के अनुसार पहले शव की पहचान कराई गई और उसके बाद दूसरी ऑटोप्सी शुरू हुई।
जानकारी के मुताबिक पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है ताकि जांच में किसी तरह की कोई कमी न रहे। एम्स परिसर और मर्चुरी के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली एम्स के डायरेक्टर की निगरानी में चार वरिष्ठ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है। इस टीम का नेतृत्व फोरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता कर रहे हैं। मेडिकल बोर्ड शनिवार शाम राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल पहुंचा था।
दरअसल ट्विशा शर्मा के परिवार ने जबलपुर हाईकोर्ट में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अपील की थी। परिजनों का मानना है कि नई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं और मौत से जुड़े सवालों के जवाब मिल सकते हैं।
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा का शव 12 मई से भोपाल एम्स की मर्चुरी में रखा हुआ है। लंबे समय तक शव सुरक्षित रखे जाने को लेकर भी चिंता जताई जा रही थी। वहीं परिवार ने साफ कर दिया है कि अंतिम संस्कार को लेकर फैसला दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा।
इसी बीच इस मामले में एक और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे केस को लेकर हलचल और बढ़ा दी है। वायरल वीडियो ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला के घर के बाहर का बताया जा रहा है। वीडियो में एक सर्वेंट घर के बाहर रखे कचरे में से कुछ निकालकर वापस अंदर ले जाता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि कचरे में खाने की प्लास्टिक प्लेट्स फेंकी गई थीं और उसी में से सर्वेंट कुछ कागज या दस्तावेज निकालकर तेजी से घर के अंदर लौटता दिखाई दे रहा है।
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और मामले को लेकर नए सवाल खड़े हो रहे हैं।

