लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष Om Prakash Rajbhar ने अपनी एक पुरानी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसमें वह ऑटो चलाते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को लेकर विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के नेताओं ने सवाल उठाए, जिसके बाद ओपी राजभर ने सपा प्रमुख Akhilesh Yadav पर जमकर निशाना साधा।
ओपी राजभर ने कहा कि “अखिलेश यादव जी, आप चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, हम नहीं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनकी फोटो का मजाक उड़ाया जा रहा है और उन्हें उनकी औकात बताने की कोशिश की जा रही है।
राजभर ने कहा कि ऑटो चलाने वाली यही तस्वीर उनके संघर्ष, मेहनत और आत्मसम्मान की पहचान है। उन्होंने कहा कि इस तस्वीर में उनके संघर्ष के दिनों की कई यादें जुड़ी हुई हैं और आज भी उनका संघर्ष जारी है।
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें विरासत में बड़ी गाड़ियां, सत्ता, विदेशों में पढ़ाई और मुख्यमंत्री की कुर्सी मिली, जबकि उन्होंने खुद गरीबी और संघर्ष के बीच राजनीति की राह तय की है।
उन्होंने कहा कि उनके लिए राजनीति केवल एसी कमरों और ट्विटर तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनना ही उनकी असली राजनीति है।
राजभर ने आगे कहा कि “आपके लिए राजनीति ड्रामा हो सकती है, लेकिन हमारे लिए संघर्ष है।” उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में टैम्पो, रिक्शा, ठेला और खोमचा चलाने वाले लोग मिलकर समाजवादी पार्टी को जवाब देंगे।
ओपी राजभर ने यह भी कहा कि उन्होंने बचपन से जिम्मेदारियां निभाई हैं और गरीबी, भूख व संघर्ष को करीब से देखा है। इसलिए उन्हें सोशल मीडिया ट्रोलिंग या आलोचनाओं से डराया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि वह सत्ता में पद पाने के लिए नहीं, बल्कि अति पिछड़े, दलित और वंचित समाज की आवाज मजबूत करने के लिए राजनीति कर रहे हैं।

