भीषण गर्मी के बीच सीएम योगी सख्त, बिजली व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश

लखनऊ.उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लगातार बढ़ रही बिजली की मांग के बीच मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने रविवार को लखनऊ में ऊर्जा विभाग, पावर कॉरपोरेशन और सभी डिस्कॉम अधिकारियों के साथ बड़ी समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में शहरों और गांवों दोनों जगह लोगों को बिना बाधा बिजली मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सभी उत्पादन इकाइयों को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए और उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के ट्रांसमिशन नेटवर्क को और अधिक मजबूत, आधुनिक और भरोसेमंद बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने फीडर वाइज मॉनिटरिंग और जवाबदेही तय करने के निर्देश देते हुए साफ कहा कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने, फीडर बाधित होने या शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को बिजली आपूर्ति से जुड़ी सही और समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और बेहतर संवाद से उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत होगा और शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता भी बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने उपभोक्ता सेवाओं को अधिक तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने ऊर्जा मंत्री और ऊर्जा राज्य मंत्री को हेल्पलाइन कॉल सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीएम योगी ने दो टूक कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी डिस्कॉम को आपसी समन्वय के साथ इसे सुनिश्चित करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *