छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लवकुश नगर थाना क्षेत्र के बगमऊ गांव में कुएं में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक रविवार को 13 वर्षीय मुस्कान राजपूत और उसका 15 वर्षीय भाई सत्यजीत राजपूत गांव के कुएं के पास गए थे। नहाने के दौरान अचानक मुस्कान का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी।
अपनी बहन को डूबता देख भाई सत्यजीत खुद को रोक नहीं पाया। उसने बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत कुएं में छलांग लगा दी ताकि बहन को बचा सके। लेकिन दुखद बात यह रही कि दोनों भाई-बहन को तैरना नहीं आता था।
बहन को बचाने की कोशिश में सत्यजीत भी गहरे पानी में फंस गया और देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गए। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

