भोपाल। भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। आरोपी पति समर्थ सिंह से इस समय एसआईटी लगातार पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया है कि फरारी के दौरान समर्थ सिंह सीहोर, जबलपुर समेत कई शहरों में छिपकर रह रहा था और अपनी लोकेशन ट्रेस न हो इसलिए उसने मोबाइल भी बंद कर रखा था।
पुलिस अब उन लोगों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है जिन्होंने फरारी के दौरान समर्थ सिंह को शरण दी थी। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान समर्थ सिंह लगातार ट्विशा के चरित्र को लेकर सवाल उठा रहा है।
इधर इस हाई प्रोफाइल मामले में अब सुप्रीम कोर्ट भी सुनवाई करने जा रहा है। जानकारी के अनुसार चीफ जस्टिस Surya Kant की अगुवाई वाली बेंच इस मामले में जांच प्रक्रिया, पुलिस की भूमिका और अस्पताल प्रशासन से जुड़े पहलुओं पर सुनवाई करेगी।
वहीं हाईकोर्ट में गिरिबाला सिंह की जमानत को लेकर भी अहम सुनवाई होनी है। राज्य सरकार और ट्विशा के पिता की ओर से गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करने की याचिका दायर की गई है। फिलहाल गिरिबाला सिंह को भोपाल कोर्ट से जमानत मिली हुई है।
उधर भोपाल जिला अदालत में भी मामले को लेकर महत्वपूर्ण सुनवाई हो रही है। अदालत में समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह की कॉल डिटेल्स के साथ-साथ भोपाल एम्स की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को लेकर सुनवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को समर्थ सिंह की गिरफ्तारी काफी नाटकीय तरीके से हुई थी। बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट की मनाही के बावजूद समर्थ सिंह चोरी-छिपे जबलपुर जिला अदालत पहुंचा था, जहां घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। आखिरकार शुक्रवार देर रात भोपाल पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था।

