डॉ. नरोत्तम मिश्रा को मिलने जा रही बड़ी जिम्मेदारी? BJP प्रभारी महेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासी हलचल

भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट के बीच प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद अब यहां उपचुनाव की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश के बाद दतिया कलेक्टर ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अब चुनावी मोड में नजर आने लगी हैं।

इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह से हुई मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। भोपाल स्थित निवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान डॉ. मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर महेंद्र सिंह का स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों, प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और कई समसामयिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस मुलाकात के बाद अब सियासी अटकलें लगाई जा रही हैं कि भाजपा डॉ. नरोत्तम मिश्रा को दतिया उपचुनाव में बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। माना जा रहा है कि पार्टी इस सीट को प्रतिष्ठा का सवाल मानकर पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है।

दरअसल पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने दतिया सीट पर डॉ. नरोत्तम मिश्रा को कड़े मुकाबले में हराया था। लंबे समय तक दतिया की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले मिश्रा की हार भाजपा के लिए बड़ा झटका मानी गई थी। अब सीट खाली होने के बाद भाजपा इसे वापसी के बड़े मौके के तौर पर देख रही है।

वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस भी इस सीट को बचाए रखने के लिए रणनीति बनाने में जुट गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दतिया उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं होगा, बल्कि भाजपा और कांग्रेस के बीच प्रतिष्ठा की सीधी लड़ाई बन सकता है। खासतौर पर डॉ. नरोत्तम मिश्रा और राजेंद्र भारती के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता इस मुकाबले को और भी दिलचस्प बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *