धार भोजशाला पहुंचे सीएम डॉ. मोहन, मां वाग्देवी की पूजा कर बोले- विदेश से वापस आएगी प्रतिमा

धार। इंदौर हाईकोर्ट द्वारा धार की ऐतिहासिक भोजशाला को मंदिर मानने के फैसले के बाद सोमवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार पहुंचे। यहां उन्होंने भोजशाला में मां वाग्देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भोजशाला परिसर को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया था और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट तक भोजशाला परिसर में रहे। इस दौरान उन्होंने मां वाग्देवी की आरती की, पुष्प अर्पित किए और परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने वहां मौजूद हिंदू प्रतीक चिन्हों और ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी जानकारियां भी लीं। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से धार पहुंचे थे, जहां से वे कारकेड के जरिए राजवाड़ा पहुंचे और फिर रोड शो करते हुए भोजशाला पहुंचे। रास्ते भर बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी उनके साथ मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राजा भोज की नगरी धार की पहचान भोजशाला और मां वाग्देवी से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थान शिक्षा, संस्कृति और आस्था का प्रतीक है और आने वाले समय में इसे नए स्वरूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धार्मिक पर्यटन, शिक्षा और विकास के विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम डॉ. यादव ने भरोसा जताते हुए कहा कि मां वाग्देवी की प्रतिमा एक दिन विदेश से वापस जरूर आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार न्यायालय के फैसले के अनुरूप कार्य करेगी और जो भी बेहतर संभव होगा, वह किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि धार के लिए उनके मन में विशेष स्थान है और सरकार यहां के विकास के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। साथ ही उन्होंने फैसले के लिए न्यायालय और सुप्रीम कोर्ट के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *