‘कॉकरोच पार्टी’ वाले बयान पर सियासी संग्राम: उषा ठाकुर का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, बोलीं- “मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही कांग्रेस”, UCC से लेकर भोजशाला और गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने तक दिए तीखे बयान

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बीजेपी विधायक उषा ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी के “कॉकरोच पार्टी” से समर्थन लेने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उषा ठाकुर ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि जिस राष्ट्रीय दल ने वर्षों तक देश का नेतृत्व किया, आज उसे छोटी-छोटी और नई पार्टियों के सहारे की जरूरत पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत अब ऐसी हो गई है कि वह अपने दम पर जनता का भरोसा हासिल नहीं कर पा रही।

उषा ठाकुर ने राहुल गांधी के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक साल में सत्ता से हटाने की बात कही थी। इस पर तंज कसते हुए बीजेपी विधायक ने कहा कि “मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने से किसी को रोका नहीं जा सकता।” उन्होंने कहा कि जनता सब समझती है और किसी भी तरह के राजनीतिक षड्यंत्र में शामिल होने वाली नहीं है।

समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर भी उषा ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अच्छे कामों का विरोध हमेशा होता है, लेकिन यूनिफॉर्म सिविल कोड देश की जरूरत है और इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इससे देश में समानता और एकरूपता को मजबूती मिलेगी।

धार की भोजशाला को लेकर चल रहे विवाद पर भी उषा ठाकुर ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने भोजशाला को मंदिर माना है और वहां पूजा का अधिकार भी दिया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम पक्ष सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कर रहा है, लेकिन हिंदू पक्ष पहले ही केविएट दायर कर चुका है, इसलिए उनकी बात भी पहले सुनी जाएगी।

इसके अलावा उषा ठाकुर ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि गाय किसी एक धर्म की नहीं, बल्कि पूरे समाज की माता है। उन्होंने कहा कि “गाय कभी यह नहीं कहती कि मैं किसी खास धर्म के बच्चे को दूध नहीं पिलाऊंगी।” वहीं पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयान का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा, “देर आए दुरुस्त आए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *