फर्जी एनकाउंटर के बहाने PDA को डराया जा रहा? अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- जाति और धर्म देखकर हो रहे एनकाउंटर, लोकतंत्र के लिए खतरा बन रही व्यवस्था

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर के जरिए PDA समाज को डराने और दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार जाति और धर्म देखकर एनकाउंटर करवा रही है और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ एक खतरनाक साजिश बन चुकी है।

अखिलेश यादव ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर केवल किसी व्यक्ति की जान लेने का मामला नहीं है, बल्कि इससे पूरे परिवार और समाज पर असर पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सामाजिक न्याय और संविधान में दिए गए अधिकारों को कमजोर करने का काम कर रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि न्याय का राज खत्म कर डर का माहौल बनाया जा रहा है।

उन्होंने जौनपुर के एक यादव पुजारी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी फर्जी एनकाउंटर हुआ था और समाजवादी पार्टी ने उस मुद्दे पर लड़ाई लड़ी थी। अखिलेश ने दावा किया कि ऐसे मामलों में केवल व्यक्ति नहीं बल्कि उसके परिवार का भी “सोशल एनकाउंटर” कर दिया जाता है।

सपा प्रमुख ने कासगंज की एक घटना का हवाला देते हुए कहा कि एक महिला पर उसके पति के एनकाउंटर का डर दिखाकर गलत काम किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कस्टोडियल डेथ के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और उत्तर प्रदेश इस मामले में नंबर वन बनता जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग फर्जी एनकाउंटर कर रहे हैं, वे सरकार नहीं बल्कि अपराधी मानसिकता के लोग हैं। उन्होंने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे मामलों का बोझ पुलिसकर्मी जिंदगी भर नहीं भूल सकते। सपा प्रमुख के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है और बीजेपी-सपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *