टीवी इंडस्ट्री की सबसे पसंदीदा एक्ट्रेसेस में शुमार दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया के घर आखिरकार खुशियों ने दस्तक दे दी है। शादी के करीब 10 साल बाद यह स्टार कपल माता-पिता बन गया है। खास बात यह है कि दिव्यांका ने जुड़वां बेटों को जन्म दिया है। जैसे ही यह खुशखबरी सामने आई, सोशल मीडिया पर फैंस और टीवी सितारों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। हर कोई इस कपल को नए सफर की शुभकामनाएं दे रहा है।
विवेक दहिया ने बेहद खास अंदाज में यह गुड न्यूज अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की। उन्होंने एक इमोशनल पोस्ट में लिखा कि आखिरकार इंतजार खत्म हो गया है, “The Boys” आ गए हैं और अब जिंदगी पहले से ज्यादा खूबसूरत लग रही है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपने दोनों बेटों को “करण-अर्जुन” बताते हुए कहा कि अब वह और दिव्यांका पेरेंटहुड के नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं और सभी के प्यार व आशीर्वाद की जरूरत है।
विवेक द्वारा शेयर की गई तस्वीर ने भी फैंस का दिल जीत लिया। पोस्ट में दो छोटे बच्चों की झलक दिखाई गई, जो नीले रंग के कपड़ों में नजर आ रहे थे। तस्वीर पर लिखा था, “हमने भगवान से खुशियां मांगी थीं, उन्होंने कहा डबल लो।” यह प्यारा मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस लगातार कपल को बधाइयां देने लगे।
कुछ समय पहले ही दिव्यांका त्रिपाठी ने अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी फैंस के साथ साझा की थी। 41 साल की उम्र में मां बनने जा रहीं दिव्यांका ने अपने इस खूबसूरत सफर को खुलकर एन्जॉय किया। उनका मैटरनिटी फोटोशूट और बेबी शॉवर भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था। फैंस ने उस दौरान भी कपल पर जमकर प्यार बरसाया था।
दिव्यांका और विवेक की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। दोनों की मुलाकात सुपरहिट टीवी शो “ये है मोहब्बतें” के सेट पर हुई थी। पहले दोस्ती हुई और फिर धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। इसके बाद 8 जुलाई 2016 को दोनों ने भोपाल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी रचाई थी। उनकी शादी की तस्वीरें और वीडियोज आज भी सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जाते हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो दिव्यांका त्रिपाठी टीवी की दुनिया का बड़ा नाम हैं। “बनूं मैं तेरी दुल्हन” और “ये है मोहब्बतें” जैसे सुपरहिट शोज से उन्होंने घर-घर में अपनी पहचान बनाई। वहीं विवेक दहिया भी कई टीवी शोज और रियलिटी कार्यक्रमों में नजर आ चुके हैं। अब यह स्टार कपल अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत पड़ाव यानी पेरेंटहुड को पूरी तरह एन्जॉय करने के लिए तैयार है।

