लखनऊ में दहेज की भेंट चढ़ी एक और बेटी! शादी के सिर्फ 6 महीने बाद फंदे से लटका मिला शव, पिता का आरोप- 10 लाख और कार के लिए कर दी हत्या

लखनऊ। राजधानी लखनऊ से दहेज उत्पीड़न का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज 6 महीने बाद एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया। मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

यह पूरा मामला ठाकुरगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, भूपेंद्र सिंह नाम के युवक की शादी करीब छह महीने पहले श्वेता सिंह से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही श्वेता के ससुराल में तनाव शुरू हो गया था। मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को लगातार दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का कहना है कि श्वेता का पति भूपेंद्र आए दिन कम दहेज लाने की बात कहकर उसे परेशान करता था। इतना ही नहीं, ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार की मांग भी शुरू कर दी थी। जब लड़की पक्ष ने इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, तब श्वेता पर अत्याचार और बढ़ा दिए गए।

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई और अब मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी खुश नहीं थी और कई बार उसने प्रताड़ना की बात घरवालों को बताई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति भूपेंद्र सिंह और उसके परिवार के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *