ग्वालियर में रिश्तों का हाईवोल्टेज ड्रामा! पत्नी ने रखी बॉयफ्रेंड के साथ रहने की शर्त, विरोध करने पर पति पर हमला, बच्चों और जेवर-नगदी के साथ हुई फरार

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से जान की सुरक्षा मांगी है। पीड़ित पति का दावा है कि उसकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड को घर में साथ रखना चाहती थी। जब उसने इसका विरोध किया तो पत्नी ने उस पर हमला कर दिया, सिर फोड़ दिया और फिर घर से सोने-चांदी के जेवर, नगदी और बच्चों को लेकर फरार हो गई।

यह पूरा मामला ग्वालियर के सिकंदर कम्पू इलाके का है। पीड़ित राजकुमार कुशवाह एसपी ऑफिस में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचा और पुलिस अधिकारियों को पूरी कहानी बताई। राजकुमार के मुताबिक उसकी शादी साल 2008 में पूनम कुशवाह से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के तीन बेटियां और एक बेटा हुआ, लेकिन अब परिवार पूरी तरह टूटने की कगार पर पहुंच गया है।

राजकुमार का आरोप है कि उसकी पत्नी किसी दूसरे युवक के प्रेम संबंध में पड़ गई थी। उसे इस बात का पता तब चला जब 22 जनवरी 2026 को पूनम बिना बताए घर छोड़कर चली गई। करीब दो महीने बाद मार्च में जब वह वापस लौटी तो उसने बताया कि वह आशु उर्फ कमल सेन नाम के युवक के साथ रह रही थी और अब उसी के साथ जिंदगी बिताना चाहती है।

पीड़ित पति के अनुसार पत्नी ने साफ शब्दों में कहा कि अगर वह उसके साथ रहना चाहता है तो उसके बॉयफ्रेंड को भी उसी घर में रखना होगा। यानी एक ही छत के नीचे पति, पत्नी और बॉयफ्रेंड साथ रहेंगे। पत्नी की यह शर्त सुनकर राजकुमार हैरान रह गया और उसने इसका विरोध कर दिया।

राजकुमार ने बताया कि 5 मई 2026 को पत्नी फिर बिना बताए घर से चली गई थी। जब दोपहर में वापस आई तो उसने पति को झूठे केस में फंसाने और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने गुस्से में पति पर हमला कर दिया और उसका सिर फोड़ दिया।

पीड़ित का कहना है कि हमला करने के बाद पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी और चारों बच्चों को लेकर चली गई। जाते-जाते उसने पति को जान से मरवाने की धमकी भी दी। अब डरे हुए राजकुमार ने पुलिस से खुद की सुरक्षा और पत्नी को तलाशने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि पति द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि पत्नी आखिर किन परिस्थितियों में बच्चों को लेकर घर छोड़कर गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *