World Tennis Championship में मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे IAS संदीप यादव, पहली बार किसी आईएएस अधिकारी को मिला भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका

भोपाल। मध्य प्रदेश के लिए गर्व की खबर सामने आई है। विश्व टेनिस चैंपियनशिप में इस बार प्रदेश के प्रमुख सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संदीप यादव भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। खास बात यह है कि भारतीय टीम में पहली बार किसी आईएएस अधिकारी को जगह मिली है। यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप इटली की राजधानी रोम में 5 जुलाई से 10 जुलाई तक आयोजित की जाएगी।

रोम में आयोजित होने वाली टेनिस मास्टर्स टूर वर्ल्ड टीम चैंपियनशिप के लिए ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन ने भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। मध्य प्रदेश वन विभाग के प्रमुख सचिव आईएएस संदीप यादव का चयन 50 प्लस वर्ग में किया गया है। इस वर्ग में भारत से केवल चार खिलाड़ियों को ही टीम में शामिल किया गया है।

भारतीय टीम में संदीप यादव के अलावा जगदीश तंवर, सुनील श्याम लुल्ला और कमरुद्दीन खान को भी जगह मिली है। टीम की कमान जगदीश तंवर को सौंपी गई है। पहली बार किसी आईएएस अधिकारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से प्रशासनिक और खेल जगत दोनों में उत्साह का माहौल है।

आईएएस संदीप यादव का जन्म 26 अप्रैल 1973 को हुआ था। वे वर्ष 2000 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के अधिकारी हैं। प्रशासनिक सेवाओं के साथ-साथ खेलों में उनकी रुचि और सक्रियता हमेशा चर्चा में रही है। उन्होंने कानून की पढ़ाई करते हुए एलएलबी की डिग्री भी हासिल की है।

संदीप यादव इससे पहले मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग में आयुक्त के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे 16 फरवरी 2026 से मध्य प्रदेश वन विभाग में प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब अंतरराष्ट्रीय टेनिस चैंपियनशिप में उनका चयन प्रदेश और देश दोनों के लिए सम्मान की बात माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *