‘असफल मुख्यमंत्री’ जी… BJP में अब करेंट नहीं बचा! बिजली संकट पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- जनता अगले चुनाव में देगी करारा जवाब

लखनऊ.प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बढ़ती बिजली कटौती और बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसको लेकर सपा सुप्रीमो ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि शुक्र है उत्तर प्रदेश के “असफल मुख्यमंत्री” जी ने अभी तक यह नहीं कहा कि इस “महा विद्युत आपदा” के पीछे दिल्ली से भेजे गए किसी दूत की साजिश है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और जनता भीषण गर्मी में परेशान होने को मजबूर है।

सपा प्रमुख ने बिजली मंत्री और मुख्यमंत्री के रिश्तों को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यह साफ किया जाए कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में बिजली मंत्री शामिल नहीं होते या फिर उन्हें बुलाया ही नहीं जाता। अखिलेश ने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर दोनों साथ बैठते हैं तो मुख्यमंत्री एक तस्वीर साझा कर दें, जिसमें वे बिजली मंत्री के कंधे पर हाथ रखे नजर आएं, ताकि जनता को भी उनकी “आपसी गर्मी” से थोड़ी राहत मिल सके।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा सरकार में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि बिजली सब-स्टेशनों पर पीएसी तैनात करनी पड़ रही है। वहीं भाजपा के विधायक और सांसद भी अपनी ही सरकार के खिलाफ चिट्ठियां लिख रहे हैं, ताकि जनता के गुस्से से खुद को बचा सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बिजली संकट, महंगाई और अव्यवस्थाओं से परेशान है और आने वाले चुनाव में भाजपा को इसका जवाब मिलेगा। अखिलेश यादव ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा में अब करेंट नहीं रहा” और जनता अगले चुनाव में भाजपा को पूरी तरह “सुखा” देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *