ग्वालियर कांग्रेस में घमासान, हंगामे के बाद जिला कार्यकारिणी रद्द; बीजेपी ने साधा निशाना

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कांग्रेस की नई जिला कार्यकारिणी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है। विरोध और इस्तीफों के बाद कांग्रेस संगठन ने पूरी जिला कार्यकारिणी को ही रद्द कर दिया है। इस संबंध में कांग्रेस संगठन महामंत्री संजय कामले ने आधिकारिक पत्र जारी कर फैसले की जानकारी दी है।

दरअसल, नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया था। कई नेताओं ने नियुक्तियों पर सवाल उठाए और दो नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा भी दे दिया। बढ़ते विरोध और संगठन में बढ़ती नाराजगी को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने पूरी कार्यकारिणी निरस्त करने का फैसला लिया।

इधर, इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसने का मौका नहीं छोड़ा। मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला जरूर है, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व को मौजूदा हालात की गंभीरता से समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अनुशासन नाम की कोई चीज नजर नहीं आ रही है। कोई नेता कुछ कह रहा है तो कोई कुछ और, जिससे पार्टी के भीतर भारी असमंजस दिखाई दे रहा है।

मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने नव नियुक्त सचिव लतीफ खान और महासचिव प्रतीक जैन के इस्तीफे का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को अब यह सोचना चाहिए कि उसके पास बचा क्या है। उनके मुताबिक, पार्टी के नेता खुद असमंजस में हैं और उन्हें अपना राजनीतिक भविष्य भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है।

गौरतलब है कि लंबे इंतजार के बाद ग्वालियर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी घोषित की गई थी, लेकिन सूची सामने आते ही पार्टी के भीतर विरोध शुरू हो गया। कुछ ही घंटों में दो पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया, जिसके बाद संगठन पर सवाल उठने लगे। आखिरकार बढ़ते विवाद को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने पूरी कार्यकारिणी को ही रद्द कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *