उज्जैन। उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज देश के दो प्रतिष्ठित संतों का आगमन हुआ। स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज और महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज ने बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
दोनों संतों के मंदिर पहुंचने पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में पारंपरिक सम्मान के साथ उनका अभिनंदन किया गया और उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद एवं सम्मान स्वरूप भेंट भी प्रदान की गई।
इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक ने स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज और महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज का स्वागत कर उनका सम्मान किया। महाकाल के दरबार में दोनों संतों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।

