राम मंदिर चंदा विवाद पर दिग्विजय सिंह का बड़ा ऐलान, बोले- केस भी करूंगा और उज्जैन से अयोध्या तक निकालूंगा पदयात्रा

भोपाल। राम मंदिर के चंदे को लेकर चल रहे विवाद के बीच मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था, इसलिए यदि चंदे में गड़बड़ी हुई है तो वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे। साथ ही उन्होंने उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा निकालने की भी घोषणा की है।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह 5 और 6 जुलाई को अपने वकील के साथ अयोध्या जाएंगे और वहां संबंधित मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू करेंगे। उनका कहना है कि यदि चंदे में अनियमितता हुई है तो दान देने वालों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी श्रद्धा से चंदा दिया था और यदि उसमें गड़बड़ी हुई है तो वह इसकी शिकायत दर्ज कराएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह अपने घर के बाहर एक पोस्टर लगाएंगे, जिस पर लिखा होगा “चंदा चोरों का प्रवेश निषेध।” उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मंदिरों के बाहर लोगों को सतर्क करने वाले पोस्टर और बैनर लगाएं।

दिग्विजय सिंह ने यह भी घोषणा की कि वह 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में कांग्रेस का झंडा नहीं होगा और यह किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि आम लोगों की यात्रा होगी। उन्होंने देशभर के लोगों से इस पदयात्रा में शामिल होने की अपील भी की।

इस बीच दिग्विजय सिंह ने अपने सरकारी आवास के बाहर एक पोस्टर भी लगाया है। पोस्टर पर लिखा है, “चंदा चोरों का प्रवेश वर्जित।” इसके साथ भगवान श्रीराम, भगवान शिव, महात्मा गांधी और राहुल गांधी की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *