भोपाल। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव Kunal Choudhary ने मध्य प्रदेश सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए जमकर हमला बोला है। रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुणाल चौधरी ने कहा कि सरकार गेहूं खरीदी को लेकर भ्रम फैला रही है और प्रदेश के लाखों किसान अब भी स्लॉट मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
कुणाल चौधरी ने कहा कि सरकार 95 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी का दावा कर रही है, जबकि प्रदेश में अभी भी करीब 160 लाख मीट्रिक टन गेहूं मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने खरीदी की तारीख बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन बाद में स्लॉट बुकिंग की अंतिम तारीख 30 मई की जगह घटाकर 28 मई कर दी गई।
ऑनलाइन व्यवस्था पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार ने पूरी प्रक्रिया इतनी ऑनलाइन कर दी है कि किसान लाइन में खड़ा-खड़ा ऑफलाइन हो रहा है। उनका कहना था कि प्रदेश के करीब 50 प्रतिशत किसान अब भी स्लॉट के इंतजार में हैं और कई जगह सर्वर डाउन होने की वजह से किसानों को घंटों परेशान होना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने बिजली संकट को लेकर भी सरकार को घेरा। कुणाल चौधरी ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच गांवों में रात के समय बिजली कटौती की जा रही है। एक तरफ सरकार लोगों को धूप में बाहर न निकलने की सलाह देती है, वहीं दूसरी तरफ किसान खरीदी केंद्रों पर घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं।
सोयाबीन के दामों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। कुणाल चौधरी ने कहा कि जब किसानों ने सोयाबीन बेची तब उन्हें उचित दाम नहीं मिले, लेकिन अब वही किसान जब सोयाबीन खरीदने जा रहा है तो कीमतें बढ़ा दी गई हैं।
इस दौरान कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ईरान भारत को सस्ता तेल देने के लिए तैयार था, लेकिन सरकार ने अमेरिका के दबाव में तेल खरीदी बंद कर दी।
कुणाल चौधरी ने कहा कि अगर सरकार 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का दावा कर भी रही है तो यह किसानों पर कोई एहसान नहीं है। सरकार ने किसानों से वादा किया था कि उनका एक-एक दाना खरीदा जाएगा, लेकिन अब भी बड़ी मात्रा में गेहूं खरीदा जाना बाकी है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है।

