खंडवा में AIMIM को बड़ा झटका! इकलौती पार्षद शकीरा बिलाल पेंटर ने समर्थकों संग थामा कांग्रेस का हाथ

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में AIMIM को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की इकलौती पार्षद शकीरा बिलाल पेंटर ने अपने पति और समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उनके साथ AIMIM के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

खंडवा शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कांग्रेस का गमछा पहनाकर शकीरा बिलाल पेंटर और उनके साथ आए लोगों का पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर समेत कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शकीरा बिलाल पेंटर के कांग्रेस में शामिल होने को खंडवा में AIMIM के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह शहर में पार्टी की इकलौती पार्षद थीं। उनके साथ AIMIM के पूर्व शहर अध्यक्ष और उनके पति बिलाल पेंटर, पूर्व यूथ अध्यक्ष मुस्तकीम तिगाला और महिला विंग की सचिव सहाना सैय्यद साह ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि शकीरा बिलाल पेंटर का पार्टी में स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने की बात कर रहे हैं और उनका कारवां लगातार बढ़ रहा है।

प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि कांग्रेस का मकसद धर्म से ऊपर उठकर मुद्दों की राजनीति करना है। बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर बात हो और सभी लोग मिलकर खंडवा के विकास के लिए लड़ाई लड़ें।

एक साथ पार्षद समेत AIMIM के कई प्रमुख पदाधिकारियों के कांग्रेस में आने से अब खंडवा की स्थानीय राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। देखना होगा कि शकीरा बिलाल पेंटर के कांग्रेस में जाने के बाद खंडवा में AIMIM की आगे की रणनीति क्या होती है और इसका स्थानीय सियासत पर कितना असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *