इछावर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से विरोध प्रदर्शन की एक अनोखी और दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। यहां रात के समय लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान किसानों ने न तो चक्काजाम किया और न ही उग्र प्रदर्शन, बल्कि सड़क पर बैठकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया। किसानों ने ढोलक, हारमोनियम और मंजीरे के साथ प्रधानमंत्री Narendra Modi, केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan और मुख्यमंत्री Mohan Yadav के नाम के भजन गाकर रात में बिजली देने की मांग की।
यह मामला सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र के चंदेरी और बरखेड़ी गांव का बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय अघोषित बिजली कटौती की वजह से लोग बेहद परेशान हैं। भीषण गर्मी और उमस के कारण बूढ़े, बच्चे और किसान रातभर सो नहीं पा रहे हैं।
इसी समस्या को लेकर समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण सीहोर-चंदेरी-बिलकिसगंज-भोपाल मुख्य मार्ग पर जमा हुए। किसानों ने सड़क पर दरी बिछाई और फिर संगीतमय अंदाज में अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की।
किसानों ने भजन गाते हुए कहा, “हे प्रभु मोदी दाता, ऐसी कृपा कीजिए… सारे ग्रामीण सो नहीं पा रहे, हमको बिजली दीजिए… शिवराज भैया तुम भी सुन लो, हमको रात में बिजली दीजिए…” किसानों के इस अनोखे प्रदर्शन ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि दिनभर खेतों में मेहनत करने के बाद रात में भी बिजली नहीं रहती, जिससे उन्हें आराम तक नसीब नहीं हो रहा। ऐसे में उन्होंने शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से अपनी आवाज उठाने का फैसला किया।
अब सड़क पर बैठकर भजन गाते किसानों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस अनोखे प्रदर्शन की जमकर चर्चा कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि किसानों की यह गुहार सरकार और बिजली विभाग तक कितनी जल्दी पहुंचती है।

