बढ़ते गन कल्चर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त, बाहुबलियों के शस्त्र लाइसेंस और आपराधिक रिकॉर्ड की मांगी पूरी जानकारी

प्रयागराज। Allahabad High Court ने उत्तर प्रदेश में बढ़ते गन कल्चर को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से कई प्रभावशाली लोगों और बाहुबलियों की आपराधिक कुंडली, उनके शस्त्र लाइसेंस और सरकारी सुरक्षा का पूरा ब्यौरा तलब किया है। कोर्ट ने जिन चर्चित नामों की जानकारी मांगी है, उनमें Brij Bhushan Sharan Singh, Raghuraj Pratap Singh और Abbas Ansari जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं।

दरअसल इलाहाबाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की ओर से दाखिल हलफनामे के बाद इस मामले को गंभीरता से लिया। सरकार ने कोर्ट को बताया कि उत्तर प्रदेश में इस समय कुल 10 लाख 8 हजार 953 शस्त्र लाइसेंस जारी किए गए हैं। इसके अलावा अलग-अलग श्रेणियों में 23 हजार 407 आवेदन अभी लंबित हैं।

सरकार ने अपने हलफनामे में यह भी जानकारी दी कि प्रदेश के 20 हजार 960 परिवारों के पास एक से अधिक शस्त्र लाइसेंस मौजूद हैं। वहीं 6062 ऐसे लाइसेंसधारी भी सामने आए हैं जिन पर दो या उससे अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन आंकड़ों को देखकर हाईकोर्ट ने चिंता जताई और मामले में विस्तृत जानकारी मांगी है।

न्यायमूर्ति विनोद दिवाकर की एकल पीठ ने जय शंकर की याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को निर्देश दिया कि चर्चित बाहुबलियों और प्रभावशाली लोगों की पूरी आपराधिक पृष्ठभूमि, उनके शस्त्र लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी जल्द कोर्ट में पेश की जाए।

कोर्ट ने जिन नामों की जानकारी मांगी है उनमें बृजभूषण शरण सिंह, राजा भैया, धनंजय सिंह, उदय भान सिंह, अब्बास अंसारी, विनीत सिंह, अजय मरदह, सुशील सिंह, उपेंद्र सिंह गुड्डू और सुजीत सिंह बेलवा जैसे नाम शामिल हैं।

इसके अलावा हाईकोर्ट ने लखनऊ कमिश्नरेट और लखनऊ जोन से जुड़े कई प्रभावशाली लोगों की भी आपराधिक कुंडली तलब की है। इनमें जुगनू वालिया, सुधाकर सिंह, हरविंदर, अजय प्रताप सिंह उर्फ अजय सिपाही, गुड्डू सिंह, संजय सिंह सिंघाला, अनूप खान मुबारक, मोहम्मद साहिब, लल्लू यादव, बच्चू यादव और अतुल वर्मा जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

अब इस मामले में राज्य सरकार को कोर्ट के सामने पूरी रिपोर्ट पेश करनी होगी और यह देखना अहम होगा कि बढ़ते गन कल्चर पर आगे क्या बड़ा कदम उठाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *