अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- पीडीए का आरक्षण खा गई सरकार

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के आरक्षण के साथ बड़ा घोटाला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने आरक्षण व्यवस्था को कमजोर कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़े वर्गों को 27 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए था, लेकिन उन्हें केवल 3.80 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। वहीं अनुसूचित जाति वर्ग को 21 प्रतिशत की जगह केवल 16.2 प्रतिशत आरक्षण मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछड़ों और दलितों के हक का आरक्षण छीन लिया है।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा निजीकरण के जरिए आरक्षण खत्म करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों की वजह से देश में आर्थिक विषमता लगातार बढ़ रही है और आम जनता महंगाई से परेशान है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि गरीब, किसान और बेरोजगार लगातार परेशान हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक ताकत कुछ चुनिंदा लोगों के हाथों में सिमटती जा रही है और करोड़ों बेरोजगार युवाओं की कोई सुनवाई नहीं हो रही। अखिलेश यादव ने भाजपा पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने किसानों की किस्मत चंद पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रख दी है।

2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी अखिलेश यादव ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे चुनाव जीत सुनिश्चित करें। सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि भाजपा मतदाता सूची में हेराफेरी की कोशिश कर सकती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगाएगी और जनता को भ्रमित करने की कोशिश करेगी, लेकिन इस बार भाजपा की कोई चाल सफल नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि जनता समाजवादी पार्टी के साथ है और 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *