इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी MPPSC की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। आयोग ने आने वाले चार महीनों के परीक्षा और इंटरव्यू कार्यक्रम को गति देने की तैयारी कर ली है। इसके तहत कई महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाएं आयोजित होंगी और 31 दिसंबर से पहले प्रमुख परीक्षाओं की चयन सूचियां जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।
सितंबर से शुरू होगा मुख्य परीक्षाओं का सिलसिला
आयोग के संभावित कार्यक्रम के मुताबिक 7 से 12 सितंबर तक राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 आयोजित की जाएगी। इसके बाद 20 सितंबर को सहायक नियोजन और विशेष आयुर्वेद पदों के लिए परीक्षा होगी।
27 सितंबर को राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं 4 अक्टूबर को आंतरिक लेखा परीक्षा अधिकारी और असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है। इसके बाद 18 अक्टूबर को एडीपीओ यानी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी भर्ती परीक्षा होगी।
22 नवंबर को कृषि विकास, वैज्ञानिक अधिकारी और सांख्यिकी से संबंधित चयन परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
सितंबर से दिसंबर तक इंटरव्यू, साल खत्म होने से पहले रिजल्ट
परीक्षाओं के साथ-साथ सितंबर से दिसंबर के बीच विभिन्न पदों के लिए इंटरव्यू भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें एडीपीओ, सहायक संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास और वैज्ञानिक अधिकारी जैसे पद शामिल हैं।
आयोग की तैयारी के मुताबिक 20 दिसंबर तक पूरे होने वाले इंटरव्यू की अंतिम चयन सूचियां 31 दिसंबर से पहले जारी की जाएंगी। इससे लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया और परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यानी आने वाले चार महीने MPPSC अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं, क्योंकि इस दौरान कई बड़ी परीक्षाएं, इंटरव्यू और चयन प्रक्रियाएं पूरी होने जा रही हैं।

