उज्जैन के खाचरोद से एक हैरान कर देने वाली चोरी का मामला सामने आया है, जहां चोरों ने बैंक में सेंध लगाई लेकिन कैश पर हाथ तक नहीं लगाया, बल्कि सीधे डेटा पर निशाना साधते हुए कंप्यूटर का CPU लेकर फरार हो गए, इस घटना ने पुलिस को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर चोरी का असली मकसद क्या था।
मंडी क्षेत्र स्थित जिला सहकारी बैंक में यह वारदात रविवार की छुट्टी के दिन अंजाम दी गई, जब बैंक बंद था, चोरों ने बड़ी ही सुनियोजित तरीके से पहले चैनल गेट और ताले को तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए, इसके बाद सबसे पहले उन्होंने CCTV कैमरों के तार काट दिए ताकि उनकी पहचान न हो सके।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बैंक के लॉकर में करीब 85 लाख रुपए नकद रखे थे, लेकिन चोरों ने उसे छुआ तक नहीं, उनका सीधा निशाना कंप्यूटर सिस्टम पर था, वे डेटा से भरा CPU निकालकर ले गए और जाते-जाते CCTV का DVR भी साथ ले गए, जिससे किसी तरह का वीडियो सबूत पीछे न रह जाए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बैंक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई, शुरुआती जांच में यह मामला बेहद संदिग्ध माना जा रहा है, क्योंकि आमतौर पर चोरी में कैश या कीमती सामान निशाना होता है, लेकिन यहां सिर्फ डिजिटल डेटा चोरी किया गया है।
पुलिस को शक है कि यह कोई साधारण चोरी नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश हो सकती है, जिसमें बैंक के किसी खास रिकॉर्ड या ट्रांजेक्शन डेटा को मिटाने या हासिल करने की मंशा हो, इस मामले में अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है, जिसे बैंक के सिस्टम और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी रही हो, फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

