इंदौर में पानी पर कांग्रेस का ‘महा संग्राम’ बना विवाद! जनता बूंद-बूंद को तरसी, राजवाड़ा धरने में टैंकर से उड़ाया गया पानी, प्रदर्शन पर उठे बड़े सवाल

इंदौर। इंदौर में बढ़ते जल संकट को लेकर कांग्रेस ने राजवाड़ा पर बड़ा धरना प्रदर्शन किया, लेकिन जिस मुद्दे को लेकर सरकार और नगर निगम को घेरने की कोशिश की गई, उसी मुद्दे पर अब खुद कांग्रेस सवालों के घेरे में आ गई है। शहर में पानी की भारी किल्लत के बीच हुए इस प्रदर्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें धरना स्थल पर टैंकर से पानी उड़ाया जाता दिखाई दे रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में यह महा संग्राम आयोजित किया गया। प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता अलग-अलग वार्डों से मटके लेकर पहुंचे थे। इन मटकों पर बीजेपी विधायकों की तस्वीरें लगाई गई थीं और कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर के जनप्रतिनिधि पानी संकट को संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं।

लेकिन धरने के दौरान सामने आई तस्वीरों ने पूरे आंदोलन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए। भीषण गर्मी के बीच नेताओं और कार्यकर्ताओं को राहत देने के लिए नगर निगम के टैंकर से खुलेआम पानी उड़ाया गया। एक तरफ शहर की कई कॉलोनियों में लोग पानी के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ राजनीतिक मंच पर पानी की बौछारें लोगों को चुभती नजर आईं।

धरने के दौरान एक और हैरान करने वाला दृश्य सामने आया, जहां मंच के पास ढोलक बजती रही और कुछ लोग नाचते दिखाई दिए। मौके पर मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि कुछ लोग नशे की हालत में थे। पानी संकट जैसे गंभीर मुद्दे पर हो रहे प्रदर्शन में ऐसे दृश्य अब कांग्रेस की मंशा और आंदोलन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

राजवाड़ा पर जुटी भीड़ में आम जनता से ज्यादा राजनीतिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी नजर आई। अलग-अलग वार्डों से लोगों को बुलाकर शक्ति प्रदर्शन जैसा माहौल बनाया गया। कई लोगों ने इसे “वीआईपी धरना” तक बता दिया, जहां नेताओं के लिए अलग व्यवस्था और कार्यकर्ताओं के लिए अलग माहौल दिखाई दिया।

अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि अगर पानी बचाने और जनता को राहत दिलाने की बात की जा रही थी, तो फिर उसी धरने में पानी क्यों उड़ाया गया? जिस शहर में लोग टैंकरों के पीछे दौड़ रहे हैं और बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, वहां इस तरह का प्रदर्शन क्या सही संदेश देता है? इंदौर इस समय भीषण जल संकट से गुजर रहा है और ऐसे में राजवाड़ा पर हुआ यह प्रदर्शन अब पानी की राजनीति और असली संवेदनशीलता को लेकर नई बहस छेड़ता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *