“इतना सत्ता का लालच ठीक नहीं…” अखिलेश पर भड़के ओपी राजभर, बोले- सुभासपा जॉइन कर लो, योगी से लड़कर भी मंत्री बनवा दूंगा!

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। योगी सरकार के हालिया मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों के बंटवारे को लेकर Akhilesh Yadav के तंज पर अब मंत्री और सुभासपा प्रमुख Om Prakash Rajbhar ने पलटवार किया है।

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी उनके परिवार में दुख का माहौल है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें राजनीति की चिंता सता रही है। राजभर ने कहा कि “आपके भाई का निधन हुआ है, पूरा परिवार दुख में है, फिर भी आपको दूसरों के घर और मंत्रिमंडल की चिंता हो रही है। लगता है आपने लोकलाज छोड़ दी है।”

राजभर ने आगे कहा कि तेरहवीं तक इंतजार कर लीजिए, उसके बाद राजनीति पर खुलकर चर्चा हो जाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “बेगाने मंत्रिमंडल में अखिलेश दीवाना बने हुए हैं।”

इतना ही नहीं, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को अपनी पार्टी में शामिल होने और मंत्री बनवाने तक का ऑफर दे डाला। उन्होंने कहा कि “अगर विभाग पाने की इतनी इच्छा है तो सुभासपा जॉइन कर लीजिए। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से लड़ लूंगा, लेकिन आपको मंत्री जरूर बनवा दूंगा।”

दरअसल, योगी सरकार में हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार हुआ है, लेकिन अब तक नए मंत्रियों को विभाग नहीं सौंपे गए हैं। इसी मुद्दे पर अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसा था, जिसके बाद ओपी राजभर का यह तीखा बयान सामने आया है।

अब दोनों नेताओं के बीच यह बयानबाजी प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ रही है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर जमकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *