भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर मायावती का बड़ा बयान! सरकार को दी चेतावनी और सुझाव, बोलीं- गरीब, किसान और व्यापारी हो रहे परेशान

लखनऊ.उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने सरकार से तत्काल कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेशभर से बिजली की कम आपूर्ति और लगातार कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता का जीवन बेहद मुश्किल हो गया है।

मायावती ने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों, छोटे व्यापारियों और मेहनतकश लोगों को उठानी पड़ रही है। लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है और कई जगहों पर लोग सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

बसपा सुप्रीमो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में इस भीषण गर्मी के दौरान बिजली संकट गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है और इसकी चर्चा मीडिया में भी लगातार हो रही है।

मायावती ने सरकार को सुझाव देते हुए कहा कि बिजली आपूर्ति की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल जरूरी उपाय किए जाने चाहिए। साथ ही भविष्य में इस तरह की समस्या से बचने के लिए नए पावर प्लांट स्थापित करने और बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर भी गंभीरता से काम होना चाहिए।

दरअसल, पिछले कई दिनों से प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लंबे समय तक बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई इलाकों में लोगों का आरोप है कि पांच से छह घंटे तक बिजली गुल रहती है। कहीं 15-20 मिनट के लिए बिजली आती है और फिर घंटों कटौती हो जाती है।

लगातार बढ़ती गर्मी और बिजली संकट के बीच अब विपक्ष भी सरकार को घेरने में जुट गया है, जबकि आम जनता राहत की उम्मीद लगाए बैठी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *