2027 में सपा-कांग्रेस का होगा ‘सूपड़ा साफ’? डिप्टी CM केशव मौर्य का बड़ा हमला, गठबंधन को बताया ‘स्वार्थी ठगबंधन’

लखनऊ.उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी तेज होती जा रही है। इसी बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए दोनों दलों के गठबंधन को “परिवारवादी” और “अवसरवादी मेल” करार दिया है।

केशव मौर्य ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच परिवारवाद के अलावा कोई समानता नहीं है। दोनों दलों के बीच न भरोसा है और न ही कोई तालमेल। उन्होंने दावा किया कि यह गठबंधन सिर्फ सत्ता पाने के लिए बनाया गया एक “स्वार्थी ठगबंधन” है, जिसकी हवा जनता पहले ही निकाल चुकी है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि 2017 में जनता ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को नकार दिया था और अब 2027 में इनका राजनीतिक सूपड़ा साफ होना तय है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब पूरी तरह समझ चुकी है कि सपा और कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद, तुष्टीकरण और पिछड़ेपन पर आधारित है।

केशव मौर्य ने भाजपा की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा विकास, सुशासन, कानून व्यवस्था, सुरक्षा और गरीब कल्याण के मुद्दों पर जनता का विश्वास जीत रही है। यही वजह है कि प्रदेश की जनता ने 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का मन बना लिया है।

उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार की नीतियों और कामकाज पर लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है और भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ फिर सत्ता में वापसी करेगी।

अब 2027 चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता दिखाई दे रहा है, जहां एक तरफ विपक्ष भाजपा को घेरने में जुटा है, तो वहीं भाजपा भी विपक्षी गठबंधन पर लगातार हमलावर नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *