खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा स्थित ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर ने आस्था के साथ सेवा को जोड़ते हुए एक अनूठी पहल शुरू की है। अब जो श्रद्धालु ओंकारेश्वर में रक्तदान करते हैं, उन्हें मंदिर में मुफ्त वीआईपी दर्शन की सुविधा दी जा रही है। इस पहल का असर इतना सकारात्मक रहा है कि महज चार महीने में करीब 2300 यूनिट रक्त एकत्र किया जा चुका है।
नर्मदा तट पर स्थित ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में यह अभियान इस साल फरवरी से शुरू किया गया था। मंदिर परिसर में नियमित रूप से रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं। रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को प्रमाण-पत्र दिया जाता है, जिसके आधार पर मंदिर ट्रस्ट की ओर से उन्हें मुफ्त वीआईपी पास उपलब्ध कराया जाता है।
इस सुविधा की वजह से श्रद्धालुओं को घंटों लंबी कतार में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ती। प्रमाण-पत्र दिखाकर वे सीधे वीआईपी दर्शन कर सकते हैं। यही कारण है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अभियान से जुड़ रहे हैं और उत्साह के साथ रक्तदान कर रहे हैं।
इस अभियान से जुटाया गया रक्त जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में पहुंचाया जा रहा है, जहां जरूरतमंद मरीजों के इलाज में इसका उपयोग किया जा रहा है। खासकर सड़क दुर्घटनाओं और गंभीर मरीजों के लिए यह रक्त जीवनरक्षक साबित हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक खंडवा मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में रोजाना करीब 80 यूनिट रक्त की जरूरत होती है, जबकि पहले केवल 50 से 55 यूनिट ही उपलब्ध हो पाती थीं। प्रशासन को उम्मीद थी कि इस पहल से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और ब्लड की कमी दूर होगी। अब यह अभियान उसी दिशा में सफल साबित होता नजर आ रहा है।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि हर सप्ताहांत 50 से 60 हजार श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंचते हैं और इस पहल को उम्मीद से कहीं ज्यादा समर्थन मिला है। वहीं मांधाता विधायक नारायण पटेल ने कहा कि ओंकारेश्वर की यह पहल देश के अन्य ज्योतिर्लिंगों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है। इससे एक ओर श्रद्धालुओं को वीआईपी दर्शन की सुविधा मिल रही है, तो दूसरी ओर जरूरतमंद लोगों की जान बचाने के लिए पर्याप्त रक्त भी उपलब्ध हो रहा है।

