इछावर (सीहोर)। मध्यप्रदेश सरकार के जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन कार्यक्रम में सीहोर जिले से प्रोटोकॉल से जुड़ा बड़ा विवाद सामने आया है। इछावर जनपद पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के लिए लगाए गए शासकीय बैनर और पोस्टरों से पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा की तस्वीरें गायब मिलने पर जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि जल संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन को लेकर चलाए गए अभियान के समापन समारोह में जैसे ही अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की नजर पोस्टरों पर पड़ी, तो विभागीय मंत्री और जिला पंचायत अध्यक्ष की तस्वीरें नहीं थीं। शासकीय कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल के तहत संबंधित जनप्रतिनिधियों और विभागीय मंत्री की तस्वीर शामिल करना आवश्यक माना जाता है, ऐसे में इस चूक को गंभीर लापरवाही माना गया।
मामले को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा ने कार्यक्रम स्थल पर ही इछावर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रुषाली पोरस को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में इस तरह की लापरवाही और प्रोटोकॉल का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।

