जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती आज रायबरेली दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि इस मामले में कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
लालगंज कस्बे में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य का स्वागत किया। लोगों ने उनका सम्मान किया और पूजा-अर्चना के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बताया जा रहा है कि शंकराचार्य रायबरेली जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। इसी क्रम में खीरों विकासखंड के सेमरी चौराहे पर उनकी ‘गविष्ठि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा’ का भव्य स्वागत किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
यात्रा के दौरान शंकराचार्य ने गौ संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से जागरूक रहने और इस मुद्दे को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को गौ संरक्षण के लिए एकजुट होकर आगे आना चाहिए।
शंकराचार्य ने बताया कि उनकी ‘गविष्ठि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा’ उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जा रही है। इस यात्रा का उद्देश्य गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और लोगों को इस विषय पर सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

