बलिया में मंत्री ओपी राजभर का जोरदार विरोध! सपा कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे, पुलिस ने बदला काफिले का रूट

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया में शनिवार को प्रदेश सरकार के मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के दौरे के दौरान जमकर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया और “ओपी राजभर गो बैक” के नारे लगाए। हालात को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और मंत्री के काफिले का रूट भी बदल दिया।

दरअसल, ओमप्रकाश राजभर फेफना विधानसभा क्षेत्र के रतसर नगर पंचायत में आयोजित एक जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इससे पहले समाजवादी पार्टी के नेता भानु दुबे ने उनके आगमन पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। यह विरोध राजभर द्वारा सपा सांसद सनातन पांडेय को लेकर दिए गए बयान के बाद सामने आया।

शनिवार को बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता गड़वार क्षेत्र में काले झंडे लेकर सड़क पर उतर आए और मंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने ओमप्रकाश राजभर के काफिले का मार्ग बदल दिया, जिससे उनका कार्यक्रम बिना किसी रुकावट के पूरा कराया जा सके।

इस दौरान पुलिस ने सपा नेता भानु दुबे समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद भानु दुबे ने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश राजभर लगातार सपा सांसद सनातन पांडेय के खिलाफ बेबुनियाद बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे बयान आते रहेंगे, समाजवादी पार्टी उनका विरोध जारी रखेगी।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के चलते हालात नियंत्रण में रहे और किसी अप्रिय घटना की सूचना सामने नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *