भोपाल। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। बच्चों की मौत का आंकड़ा 32 तक पहुंचने की बात सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। इस गंभीर मामले को लेकर अब मध्य प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कल बालाघाट के दौरे पर रहेंगे, जहां वे मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख साझा करेंगे और पूरे मामले की जानकारी लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक जीतू पटवारी बालाघाट पहुंचकर बैगा आदिवासी बच्चों की मौत और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस का कहना है कि इस जनसभा के जरिए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की कथित नाकामियों को जनता के सामने उठाया जाएगा।
जनसभा के बाद जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बालाघाट कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे। इस दौरान प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
बालाघाट में बैगा समुदाय के बच्चों की मौत का आंकड़ा 32 तक पहुंचने को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और समय पर इलाज नहीं मिलने के आरोपों के बीच कांग्रेस ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाने की तैयारी कर ली है।
अब जीतू पटवारी के बालाघाट दौरे के बाद यह मामला और गरमाने के आसार हैं। बड़ा सवाल यही है कि आखिर इन बच्चों की मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या है, क्या स्वास्थ्य व्यवस्था में कोई लापरवाही हुई और अगर लापरवाही सामने आती है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है। अब सबकी नजर सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर होगी।

