आलीराजपुर। मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में आम सीजन की धमाकेदार शुरुआत हो गई है। मंडियों में आम की पहली बोली लगते ही किसानों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। सुबह से ही आम से लदी गाड़ियां मंडी पहुंचने लगीं, जहां व्यापारियों ने अच्छी कीमतों पर खरीदी शुरू की। पूरे मंडी परिसर में उत्साह और रौनक का माहौल देखने को मिला।
सीजन के शुभारंभ के मौके पर आलीराजपुर कलेक्टर नीतू माथुर और जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी खरत ने महिला कृषक का तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद आम के ढेर की विधिवत पहली बोली लगाकर नए सीजन की शुरुआत की गई।
आलीराजपुर का आम अपनी खास मिठास और प्राकृतिक स्वाद के लिए प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में मशहूर है। यहां का आम गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भेजा जाता है, जहां इसकी भारी मांग रहती है।
कलेक्टर नीतू माथुर ने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंडी में किसानों के लिए पारदर्शी व्यवस्था और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि आलीराजपुर का आम अब दूसरे राज्यों में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है और जिले का नाम रोशन कर रहा है।
मंडी में किसानों और व्यापारियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आम की पहली बोली के साथ ही जिले में इस सीजन की सकारात्मक शुरुआत मानी जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस साल आम का कारोबार किसानों के लिए बेहतर मुनाफा लेकर आएगा और आलीराजपुर की पहचान को और मजबूत करेगा।

