प्रधानमंत्री Narendra Modi पर अभद्र टिप्पणी को लेकर विवादों में आए समाजवादी पार्टी के सांसद Ajendra Singh Lodhi के हमीरपुर दौरे पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए रोक लगा दी है। बताया जा रहा है कि सांसद रविवार को करीब 250 गाड़ियों के काफिले के साथ जिले में प्रवेश करने वाले थे, लेकिन लोकल इंटेलिजेंस यूनिट यानी LIU की रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने उनके आगमन पर प्रतिबंध लगा दिया।
जानकारी के मुताबिक सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित और अभद्र टिप्पणी की थी, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया था। इस बयान को लेकर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी।
सीएम योगी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा था कि विश्व के सबसे लोकप्रिय जननेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई असंसदीय टिप्पणी न सिर्फ अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर गंभीर हमला भी है। उन्होंने इसे राजनीतिक कुसंस्कार और वैचारिक दिवालियापन का उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बयान सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश और लोकतांत्रिक गरिमा का भी अपमान है, और देश की जनता ऐसे व्यवहार का जवाब समय आने पर जरूर देगी।
वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष Pankaj Chaudhary ने भी इस मुद्दे पर प्रेस वार्ता कर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस प्रधानमंत्री का सम्मान पूरी दुनिया करती है, उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल भारतीय संस्कारों और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।
अब सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के हमीरपुर दौरे पर लगी रोक को लेकर सियासत और तेज हो गई है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है और पूरे मामले पर राजनीतिक बयानबाजी लगातार जारी है।

