आलीराजपुर। मध्यप्रदेश के उदयगढ़ थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सगे बड़े भाई ने ही अपने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि परिवार में छोटे भाई को ज्यादा प्यार और महत्व मिलता था, जिसे लेकर बड़ा भाई अंदर ही अंदर जलता रहता था।
पूरा मामला ग्राम बड़ी उत्ती के बीलवाल फलिया का है, जहां 17 मई 2026 को 19 वर्षीय पातलिया उर्फ प्रकाश का शव खेत में आम के पेड़ के नीचे बनी झोपड़ी के पास खाट पर लहूलुहान हालत में मिला था। युवक के सिर, चेहरे, कान और नाक पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
हैरानी की बात यह रही कि हत्या की रिपोर्ट खुद मृतक के बड़े भाई कालू ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि वह ढाबे पर खाना खाने गया था और वापस लौटने पर उसका भाई घर पर नहीं मिला। बाद में खेत पर जाकर देखा तो उसका शव पड़ा मिला।
लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कालू की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। लगातार पूछताछ और सख्ती के बाद आखिरकार वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने छोटे भाई से काफी समय से जलता था, क्योंकि परिवार में उसे ज्यादा प्यार और महत्व दिया जाता था। कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद भी हुआ था, जिसके बाद उसने हत्या की साजिश रच डाली।
घटना वाली रात आरोपी अपने छोटे भाई को साथ लेकर गया और उसे जमकर शराब पिलाई। जब वह नशे में बेसुध हो गया तो बड़े भाई ने पत्थरों से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपी ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्क जांच के सामने उसकी चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पत्थर और खून से सना शर्ट भी बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उदयगढ़ पुलिस ने महज चार दिनों में इस अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर रिश्तों में बढ़ती ईर्ष्या इंसान को कितना बेरहम बना सकती है।

