सीहोर में बिजली कटौती पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क पर बैठकर किया चक्काजाम

इछावर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के अमलाहा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ गया है। पिछले करीब 15 दिनों से रात के समय लंबे-लंबे बिजली कट की वजह से परेशान ग्रामीण और किसान आखिरकार सड़क पर उतर आए और विद्युत वितरण केंद्र पहुंचकर चक्काजाम कर दिया।

बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रात में बार-बार बिजली गुल होने से आमजन, किसान और व्यापारी सभी परेशान हो चुके हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं किसान सिंचाई और अन्य जरूरी काम नहीं कर पा रहे हैं, जबकि व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

चक्काजाम के दौरान लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद ग्रामीणों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि रात के समय होने वाली अघोषित बिजली कटौती को तुरंत बंद किया जाए।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली कंपनी को 72 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया है। उनका कहना है कि अगर तय समय के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पूरा गांव मिलकर बड़ा और उग्र आंदोलन करेगा।

ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि आने वाले समय में स्थिति बिगड़ती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, युवा और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *