ट्विशा शर्मा को आज अंतिम विदाई, परिवार की भावुक अपील- न्याय की इस लड़ाई में हमारा साथ दीजिए

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद भावुक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। असमय दुनिया छोड़कर चली गई ट्विशा शर्मा का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में शोकाकुल शर्मा परिवार ने भोपाल के नागरिकों, समाजसेवियों और युवाओं से एक मार्मिक अपील की है। परिवार ने लोगों से ट्विशा की अंतिम यात्रा में शामिल होकर न्याय की इस लड़ाई में साथ खड़े होने की गुहार लगाई है।

जानकारी के मुताबिक ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है। दिल्ली एम्स से आई चार डॉक्टरों की विशेष मेडिकल टीम ने पूरी प्रक्रिया को फॉरेंसिक प्रोटोकॉल और वीडियोग्राफी के बीच संपन्न किया। पुलिस और प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी किए जाने के बाद शाम करीब 4 बजे ट्विशा का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके बाद आज शाम 5 बजे नम आंखों से ट्विशा को अंतिम विदाई दी जाएगी।

अंतिम संस्कार से पहले शर्मा परिवार द्वारा जारी संदेश हर किसी को भावुक कर रहा है। परिवार ने कहा कि जिस बेटी ने अपने सपनों के साथ जीवन की नई शुरुआत की थी, वह आज असमय सबको छोड़कर चली गई। परिवार का कहना है कि माता-पिता की सूनी आंखें, टूटे हुए सपने और न्याय की उम्मीद में गुजरता हर पल समाज के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

शर्मा परिवार ने भोपाल के सभी न्यायप्रिय नागरिकों, माताओं, बहनों और युवाओं से हाथ जोड़कर अपील की है कि वे ट्विशा की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें और परिवार को इस कठिन समय में संबल दें।

परिवार का कहना है कि आज जब ट्विशा पंचतत्व में विलीन होगी, तब सिर्फ एक परिवार नहीं रोएगा, बल्कि हर वह इंसान दुख महसूस करेगा जो बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय में विश्वास रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *