भोपाल। मध्यप्रदेश में बीजेपी मंत्रियों के परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वन-टू-वन समीक्षा बैठकों के बीच अब सियासत गरमा गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Umang Singhar ने एक कथित अंदरूनी बयान को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है और बीजेपी के मंत्रियों के बीच चल रही खींचतान को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
दरअसल नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि बीजेपी की एक बैठक में प्रभारी मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि “नागर सिंह चौहान शराब कारोबारी हैं, उनसे समन्वय नहीं किया जा सकता।” इस बयान को लेकर अब राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
उमंग सिंघार ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी सरकार के मंत्री अब बंद कमरों से निकलकर एक-दूसरे पर खुलेआम शराब कारोबार से जुड़े होने के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही अब मंत्रियों का असली परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड बन गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी निशाने पर लेते हुए सवाल किया कि क्या इस बयान के बाद संबंधित मंत्री पर कोई कार्रवाई होगी या फिर बीजेपी में माफिया राज और शराबखोरी ही नई व्यवस्था बन चुकी है।
मुख्यमंत्री द्वारा मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा के बीच विपक्ष को यह मुद्दा बड़ा हथियार मिल गया है। कांग्रेस अब इस बयान को लेकर बीजेपी सरकार को घेरने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी का कहना है कि मंत्रियों के बीच समन्वय की कमी और एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप सरकार की अंदरूनी स्थिति को उजागर कर रहे हैं।

