दतिया। आदिमजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित सीनियर बालक छात्रावास में अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुछ बाहरी युवकों ने हॉस्टल में घुसकर छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के समय सभी छात्र छात्रावास के अंदर खाना खा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवक लाठी-डंडों के साथ अंदर घुसे और छात्रों को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान छात्रावास में तोड़फोड़ भी की गई, जिसमें कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि इस घटना का संबंध हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले एक छात्र के परिचित युवकों से है। छात्रों के मुताबिक, दोपहर के समय शिवम नाम के छात्र से मिलने एक बाहरी युवक छात्रावास में आया था। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी और मामला मारपीट तथा तोड़फोड़ तक पहुंच गया।
घटना के बाद छात्र काफी डरे और सहमे नजर आए। देर रात कई छात्र कोतवाली थाने पहुंचे और मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल छात्रावास में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर खड़ा हो गया है। आखिर बाहरी युवक हॉस्टल परिसर के अंदर तक कैसे पहुंचे और अगर छात्रों के साथ मारपीट हुई, तो सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई? अब पुलिस की जांच में यह साफ होगा कि विवाद की असली वजह क्या थी और इस पूरी घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर आगे क्या कार्रवाई होती है।

