सलकनपुर देवी धाम में दान राशि को लेकर विवाद, कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल, ट्रस्ट ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

बुधनी। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध विजयासन देवी धाम, सलकनपुर के प्रबंधन को लेकर विवाद शुरू हो गया है। बुधनी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी और अभिनेता विक्रम शर्मा मस्ताल ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता और दान राशि के प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं मंदिर ट्रस्ट ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए उन्हें खारिज कर दिया है।

विक्रम शर्मा मस्ताल का कहना है कि विजयासन देवी धाम प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और बड़ी मात्रा में दान व चढ़ावा मिलता है। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए मंदिर प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और दान राशि के उपयोग की किसी स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

दूसरी ओर, सलकनपुर देवी धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति का पूरा कामकाज नियमों के अनुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित होता है। उनके मुताबिक अब तक गबन या भ्रष्टाचार का कोई मामला सामने नहीं आया है।

ट्रस्ट अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर में दान केवल अधिकृत दान पेटियों और रसीदों के माध्यम से ही स्वीकार किया जाता है। दान पेटियां समिति के अध्यक्ष और सदस्यों की मौजूदगी में खोली जाती हैं, इसके बाद राशि की गिनती कर उसे सुरक्षित रखा जाता है और नियमानुसार मंदिर के विकास व अन्य आवश्यक कार्यों में खर्च किया जाता है।

महेश उपाध्याय ने यह भी कहा कि मंदिर की आय और व्यय का पूरा रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित किया जाता है, जिसे जरूरत पड़ने पर देखा भी जा सकता है। उनके अनुसार समिति की पहली प्राथमिकता श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखना है और सभी कार्य पूरी ईमानदारी से किए जा रहे हैं।

फिलहाल पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा उठाए गए सवालों और मंदिर ट्रस्ट की सफाई के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *