जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर करोड़ों रुपये की पेनाल्टी ठोक दी है। कलेक्टर Raghvendra Singh के न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों पर भारी जुर्माना लगाया है।
जानकारी के मुताबिक माइनिंग विभाग द्वारा कलेक्टर कोर्ट में दर्ज किए गए कुल 96 मामलों की सुनवाई के बाद यह बड़ा फैसला सुनाया गया। सभी मामलों को मिलाकर करीब 6 करोड़ रुपये की पेनाल्टी लगाई गई है, जिसे जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में गिना जा रहा है।
कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक अकेले मामले में ही 40 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई अभिलाष तिवारी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों में की गई है।
बताया जा रहा है कि अवैध उत्खनन और परिवहन से जुड़ा यह मुख्य मामला साल 2022 में दर्ज किया गया था। इसके बाद से लगातार कलेक्टर कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। लंबे इंतजार के बाद अब प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए दोषियों पर करोड़ों रुपये की कार्रवाई कर साफ संदेश दिया है कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

