MP Forest Guard-Jail Guard Bharti: वन और जेल विभाग भर्ती परीक्षा की तारीख बदली, अभ्यर्थियों को मिली बड़ी राहत

भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने वन विभाग और जेल विभाग की संयुक्त भर्ती परीक्षा की तारीख में बड़ा बदलाव कर दिया है। पहले यह परीक्षा 25 मई 2026 से शुरू होने वाली थी, लेकिन अब इसे आगे बढ़ाकर 4 जून 2026 से आयोजित किया जाएगा। परीक्षा की तारीख आगे बढ़ने से लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि इसी दौरान एसएससी और सीयूईटी जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं भी आयोजित हो रही थीं।

लगातार मिल रही शिकायतों और छात्रों की मांग के बाद ईएसबी ने यह बड़ा फैसला लिया है। परीक्षा तिथियों के टकराव की वजह से कई अभ्यर्थियों के सामने दोनों परीक्षाओं में शामिल होने की समस्या खड़ी हो गई थी। अब परीक्षा आगे बढ़ने से उम्मीदवारों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय भी मिल जाएगा।

यह संयुक्त भर्ती परीक्षा वन विभाग के वन रक्षक और क्षेत्र रक्षक पदों के साथ-साथ जेल विभाग के जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक पदों के लिए आयोजित की जा रही है। भर्ती को लेकर युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा था, हालांकि इस बार आवेदन संख्या उम्मीद से कम रही। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस भर्ती परीक्षा के लिए करीब 3 लाख 92 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं।

इधर परीक्षा तिथि में बदलाव का असर अब पूरे ईएसबी परीक्षा कैलेंडर पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। जून महीने में समूह-2 उप समूह-4 संयुक्त भर्ती परीक्षा, समूह-3 उपयंत्री भर्ती परीक्षा और पीएनएसटी जैसी बड़ी परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। वहीं एएनएमटीएसटी परीक्षा भी मई में आयोजित होनी है। ऐसे में वन रक्षक और जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा आगे बढ़ने से अन्य परीक्षाओं के शेड्यूल में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि मई और जून में प्रस्तावित कई भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की रूलबुक अब तक जारी नहीं हुई है। इससे अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का कहना है कि लगातार बदलती तारीखें और नियम पुस्तिका जारी होने में देरी की वजह से उनकी तैयारी की रणनीति प्रभावित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *